सरगुजा में सनसनीखेज डबल मर्डर: कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता को उतारा मौत के घाट, शव बोरी में भरकर ठिकाने लगाने की थी तैयारी

अंबिकापुर। 18अगस्त 2026/सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी दोनों शवों को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने की तैयारी में था, लेकिन इसी दौरान मृतक दंपति का दूसरा बेटा मौके पर पहुंच गया। उसे देखते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।

कुल्हाड़ी से किया माता-पिता पर हमला

जानकारी के मुताबिक, सपड़ा गांव निवासी हीराधार यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी बेटे ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से दोनों पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

शव बोरी में भरकर ले जाने की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर दोनों शवों को बोरियों में पैक कर दिया था। वह शवों को किसी स्थान पर ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान मृतक दंपति का दूसरा बेटा वहां पहुंच गया। उसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और उसके पकड़े जाने के बाद वारदात की वजह समेत कई अहम सवालों का खुलासा होने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *