कैनवास पर सजा ‘मेरे सपनों का भारत’, नन्हे कलाकारों ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

जगदलपुर, 19 सितंबर 2026। शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ के तहत शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय जगदलपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी कल्पनाशक्ति और राष्ट्रप्रेम को रंगों के माध्यम से कैनवास पर उकेरा।

विद्यार्थियों ने अपने चित्रों में स्वच्छ भारत, हरित पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक समरसता जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया। बच्चों की कलाकृतियों में आत्मनिर्भर और विकसित भारत को लेकर उनकी कल्पनाएं दिखाई दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदलपुर महापौर संजय पांडे ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी सृजनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की कल्पनाशीलता और सकारात्मक सोच भविष्य के समृद्ध भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कला, साहित्य और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल दास और खंड स्रोत समन्वयक राजेंद्र ठाकुर सहित दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, संकुल समन्वयक, स्थानीय पार्षद एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *