मध्य प्रदेश 19सितंबर 2026/दमोह जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में घर के अंदर एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने महिला के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान खेमा पटेल (27), उनकी बेटी उर्मिला पटेल (7), बेटे उमेश पटेल (4) और एक वर्षीय बेटे राजा पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति द्वारका पटेल मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता था और कुछ समय पहले ही घर लौटा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद मगरोन थाना प्रभारी वंदना गौर, फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह और पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सागर से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम बुलाई गई है। टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के सामने घटना की वजह को लेकर कई सवाल हैं। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच करीब छह महीने पहले विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया गया है कि महिला ने उस समय थाने में शिकायत भी की थी।
फिलहाल घटना के पीछे किसी अवैध संबंध के शक को लेकर भी जांच की जा रही है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चारों मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।