बुलंदशहर में लापता 45 वर्षीय व्यक्ति का शव झाड़ियों में मिला, गले में कसा था अंगोछा

बुलंदशहर19सितंबर 2026उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के छतारी थाना क्षेत्र में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से मामला गंभीर हो गया है। व्यक्ति शुक्रवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह उनका शव गांव के बाहर सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला।

मृतक की पहचान छतारी निवासी अशोक (45), पुत्र देवेंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अशोक शुक्रवार शाम करीब 6 बजे किसी काम से घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

शनिवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े अशोक पर गई। उन्हें तत्काल इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गले में अंगोछा मिलने से बढ़ा संदेह

शव के गले में अंगोछा कसा हुआ मिला। इस वजह से परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

अशोक के परिवार में 25 वर्षीय बेटा अभिषेक और तीन बेटियां रोशनी (26), तनु (24) व मनु (19) हैं।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह के अनुसार पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के परिस्थितियों की जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *