बस्तर में पहली बार आज से राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन, 15 राज्यों के सचिव और 14 राज्यों के रजिस्ट्रार होंगे शामिल

जगदलपुर, 8 अक्टूबर 2026। बस्तर के लिए आज का दिन खास है। जगदलपुर में 8 और 9 अक्टूबर को पहली बार राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की ओर से होने वाले इस सम्मेलन में देशभर के वरिष्ठ अधिकारी जुटेंगे और ‘सहकार से समृद्धि’ की दिशा में आगे की कार्ययोजना पर मंथन करेंगे।

सम्मेलन की अध्यक्षता भारत सरकार के सहकारिता विभाग के सचिव आशीष कुमार भूटानी करेंगे। इसमें अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के प्रबंध संचालक पंकज बंसल और भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव सिद्धार्थ जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ के सहकारिता सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना के अनुसार, सम्मेलन में 15 राज्यों के सचिव और 14 राज्यों के सहकारी समितियों के पंजीयक हिस्सा लेंगे।

एम-पैक्स, डिजिटल तकनीक और सहकारी बैंकिंग पर चर्चा

सम्मेलन में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (एम-पैक्स) और दुग्ध समितियों के गठन, एम-पैक्स के कंप्यूटरीकरण, सहकारिता में डिजिटल तकनीक के उपयोग, भंडारण क्षमता बढ़ाने और सहकारी बैंकिंग को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही एम-पैक्स के जरिए उर्वरक वितरण और बहुराज्यीय सहकारी संस्थाओं के साथ समन्वय को लेकर आगामी तीन महीनों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

छत्तीसगढ़ में 515 नए एम-पैक्स समेत कई समितियों का गठन

‘सहकार से समृद्धि’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में 515 नए एम-पैक्स, 356 मत्स्य, 364 दुग्ध, 153 लघु वनोपज और 63 महिला बहुउद्देशीय सहकारी समितियां गठित की गई हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में 3.18 लाख नए कृषकों के खाते खोले गए हैं। वहीं, राज्य के 2,058 एम-पैक्स में उपलब्ध माइक्रो एटीएम से 324 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हो चुका है।

बस्तर की सहकारी समितियों का भी होगा भ्रमण

सम्मेलन के दूसरे दिन नाबार्ड और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम आगामी पांच वर्षों के वित्तीय सहयोग और राज्यवार लक्ष्यों की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन में शामिल अधिकारी बस्तर के एम-पैक्स, लघु वनोपज और जनजातीय सहकारी समितियों का भ्रमण भी करेंगे। इससे बस्तर में सहकारिता के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों की आय और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के मॉडल को देश के सामने रखने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *