दहेज में बाइक नहीं मिली तो बढ़ा जुल्म, नवविवाहिता ने दी जान; पति गिरफ्तार

खैरागढ़, 25 अगस्त 2026। दहेज में मोटरसाइकिल और अधिक नकद राशि नहीं मिलने से कथित प्रताड़ना का दर्दनाक मामला सामने आया है। खैरागढ़ में नवविवाहिता ने लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर खुद को आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतिका के पति अजय बघेल (30) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक मृतिका का विवाह 24 फरवरी 2025 को टेकापार खुर्द निवासी अजय बघेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति दहेज में मोटरसाइकिल नहीं मिलने और अपेक्षा के मुताबिक नकद राशि नहीं लाने को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने लगा।

पढ़ाई जारी रखने से भी रोका

परिजनों का आरोप है कि शादी से पहले मृतिका की पढ़ाई जारी रखने पर सहमति बनी थी, लेकिन विवाह के बाद पति ने उसे डीएड की पढ़ाई करने से भी रोक दिया। सगाई के दौरान मिले हाथ के आभूषण अपने पास रखने और मारपीट करने के आरोप भी सामने आए हैं।

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने घर के टॉयलेट में मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद खैरागढ़ थाने में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 85 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त को आरोपी पति अजय बघेल को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *