जनसेवा में तेजी और पारदर्शिता पर कलेक्टर का जोर, समय-सीमा बैठक में दिए सख्त निर्देश

5 सितंबर के आयुष शिविर में एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई जरूरी सेवाएं, जाति प्रमाण पत्र व नामांतरण जैसे मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

जगदलपुर, 25 अगस्त 2026। कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि जिले के तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

सेवा डेरा वाले गांवों को आदर्श ग्राम बनाने पर जोर

कलेक्टर ने सेवा डेरा के रूप में चयनित ग्रामों को आदर्श ग्राम के तौर पर विकसित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

एक शिविर में मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं

कलेक्टर ने नागरिक सेवाओं और प्रमाण पत्रों से जुड़ी प्रक्रियाओं को छोटा और सहज बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, नामांतरण, पेंशन तथा राजस्व विवादों से जुड़े मामलों का अनावश्यक तकनीकी या प्रक्रियात्मक बाधाओं के बिना शीघ्र निराकरण करने को कहा।

उन्होंने बताया कि 5 सितंबर को रायकोट में आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार ऑपरेटर, श्रमिक पंजीयन कार्ड, राशन कार्ड अपडेशन और एग्रीस्टैक से संबंधित काउंटर भी अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सहित विभिन्न जरूरी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

पीएम सूर्य घर और जल जीवन मिशन की भी समीक्षा

बैठक में विभिन्न प्राथमिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हितग्राहियों और मैदानी अमले का शत-प्रतिशत ऑनलाइन पंजीयन कराने के निर्देश दिए। वहीं जल जीवन मिशन के कार्यों का त्वरित भौतिक सत्यापन तथा जल स्रोतों के संवर्धन के लिए वीबी-जी राम जी योजना के तहत ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित पोषण आहार वितरण, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के स्टाफ क्वार्टर्स, हॉस्टल और फिजियोथेरेपी कॉलेज से संबंधित भूमि आबंटन प्रकरणों को वन एवं राजस्व विभाग के समन्वय से शीघ्र निराकृत करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में वन मंडलाधिकारी दीपेश कपिल, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा और सहायक कलेक्टर यशवंत नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *