राष्ट्रपति के दौरे पर जगदलपुर में बदलेगा ट्रैफिक, 23 अक्टूबर को कई प्रमुख मार्ग रहेंगे बंद

सुबह 7 से शाम 5 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, लालबाग पहुंचने के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते और पार्किंग स्थल

जगदलपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 23 अक्टूबर को जगदलपुर प्रवास को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। राष्ट्रपति सिरहासार भवन में आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार और लालबाग मैदान में होने वाली आमसभा में शामिल होंगी। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर समय-सीमा के अनुसार प्रतिबंध लागू रहेंगे। यह व्यवस्था सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को छूट दी गई है।

इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा आवागमन प्रतिबंधित

पुलिस की यातायात एडवाइजरी के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कुम्हारपारा चौक, शहीद पार्क, स्टेट बैंक चौक, दंतेश्वरी मंदिर, गोलबाजार चौक, मिताली चौक और सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक तक आवागमन बंद रहेगा।

वहीं, सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सिरहासार भवन से बलीराम कश्यप चौक, सर्किट हाउस चौक, भंगाराम चौक, आईजीपी बंगला तिराहा, पुलिस ऑफिसर्स मेस तिराहा और लालबाग हाउसिंग बोर्ड तिराहे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आईजी बंगला तिराहे से कोतवाली मार्ग, त्रिवेणी परिसर, पुलिस पेट्रोल पंप से झंकार टॉकीज तिराहा तथा शहीद पार्क से कुम्हारपारा चौक तक आवागमन बंद रहेगा।

एनएच-30 जाने के लिए इस रास्ते का करें इस्तेमाल

लालबाग मार्ग पर सामान्य आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में रायपुर की ओर जाने वाले यात्री बसों, दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों को बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग से होकर गुजरना होगा। शहर के भीतर वैकल्पिक आवागमन के लिए चांदनी चौक से हाटकचोरा मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।

स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए कुम्हारपारा चौक से बोधघाट थाना मार्ग, जमाल मिल तिराहे से एफसीआई गली, महावीर चौक से दुर्गा चौक, स्टेट बैंक चौक से भंगाराम चौक और भंगाराम चौक से पथरागुड़ा की ओर क्रॉसिंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है। हालांकि, सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए इन मार्गों पर भी अस्थायी रोक लगाई जा सकती है।

लालबाग सभा में जाने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था

लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा में शामिल होने वाले आम नागरिकों के लिए आमागुड़ा चौक को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। कोंडागांव-रायपुर मार्ग और नगरनार मार्ग से आने वाले वाहन एनएच-30 के रास्ते आमागुड़ा चौक पहुंचेंगे।

गीदम और सुकमा मार्ग से आने वाले लोग तेलीमारेंगा-आड़ावाल बायपास अथवा गीदम नाका-सर्गीपाल मार्ग से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। लोहंडीगुड़ा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पल्ली नाका, बीआर कोल्ड स्टोरेज, सर्गीपाल रोड और हाटकचोरा रोड निर्धारित किया गया है।

शहर के स्थानीय नागरिक चांदनी चौक से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा मार्ग होते हुए आमागुड़ा चौक पहुंच सकेंगे। यहां यात्रियों को उतारने के बाद वाहनों को रिलायंस पेट्रोल पंप और गणपति रिसॉर्ट के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद लोगों को पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाना होगा।

विशिष्ट अतिथियों और मीडिया के लिए अलग मार्ग

मंच पर उपस्थित होने वाले विशिष्ट अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के वाहनों के लिए स्टेट बैंक चौक से कोतवाली तिराहा, पुलिस आईजी बंगला तिराहा और सनसिटी मार्ग होते हुए लालबाग मैदान पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधित मार्गों से बचें, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *