बिलासपुर | 3 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से प्रेम संबंधों के खौफनाक अंत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर ब्लॉक किए जाने से नाराज़ एक युवती ने अपने प्रेमी के घर में घुसकर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार कॉलोनी की है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कामता (कांता) प्रसाद (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खुटाघाट कर्रा का निवासी था। वह बिलासपुर में एक होटल/रेस्टोरेंट में शेफ के सहायक के रूप में कार्यरत था और शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी में किराए के मकान में अपने साथी के साथ रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ महीने पहले कामता प्रसाद की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम झलमला निवासी रौशनी सूर्यवंशी (22 वर्ष) से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नज़दीकियां भी बढ़ीं, लेकिन हाल के दिनों में रिश्ते में तनाव आ गया था। दो–तीन दिन पहले किसी बात को लेकर कामता ने रौशनी को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था, जिससे वह काफी नाराज़ थी और उसे शक था कि कामता किसी अन्य लड़की से बातचीत कर रहा है।
इसी नाराजगी के चलते बुधवार सुबह करीब 11 बजे रौशनी अपने साथ चाकू लेकर कामता के किराए के मकान पहुंची। उस समय घर में कामता के साथ उसका एक दोस्त भी मौजूद था। आरोप है कि रौशनी ने कामता से उसका मोबाइल फोन यह कहकर मांगा कि वह देखना चाहती है कि वह किससे बात करता है। मोबाइल देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में आकर रौशनी ने अचानक चाकू निकालकर कामता के सीने पर वार कर दिया। हमला इतना तेज था कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कामता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घर में मौजूद युवक ने शोर मचाया, जिस पर पड़ोसी पहुंचे और आरोपी युवती को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और रौशनी सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
इंस्टाग्राम ब्लॉक बना हत्या की वजह: नाराज़ प्रेमिका ने चाकू से गोदकर प्रेमी की ली जान