अबूझमाड़ के जंगल में नक्सलियों का खौफनाक खजाना बरामद, करोड़ों कैश और घातक हथियार देख दंग रह गए जवान

12मई2026

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी कामयाबी मिली है। अबूझमाड़ और महाराष्ट्र सीमा के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों का एक विशाल डंप बरामद किया है। इस गुप्त ठिकाने से करीब 1 करोड़ 1 लाख रुपए नकद, अत्याधुनिक हथियार और विस्फोटक सामग्री मिलने से सुरक्षा एजेंसियां भी हैरान रह गईं।
जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबल लगातार अबूझमाड़ इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसी दौरान जवानों को जंगल के भीतर छिपाकर रखा गया एक बड़ा डंप मिला। तलाशी लेने पर वहां से 3 AK-47, 3 SLR राइफल, 2 थ्री-नॉट-थ्री राइफल, BGL रॉकेट, इलेक्ट्रॉनिक बम डिवाइस और भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की गई। बताया जा रहा है कि नक्सली इस सामान का इस्तेमाल बड़े हमलों की तैयारी में करने वाले थे।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार पिछले दो वर्षों में नक्सलियों से अब तक 265 हथियार जब्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से नक्सली संगठन कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं। फिलहाल इलाके में जवानों का सर्च ऑपरेशन जारी है और आसपास के जंगलों में भी छिपे डंप की तलाश की जा रही है।
इससे पहले बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों ने जमीन के भीतर बने नक्सलियों के गुप्त बंकर का खुलासा किया था, जहां से भारी मात्रा में विस्फोटक, BGL लॉन्चर, कॉर्डेक्स वायर, जनरेटर, सोलर प्लेट और अन्य सामान बरामद हुआ था। लगातार मिल रही इन सफलताओं को बस्तर में नक्सल नेटवर्क के कमजोर होने का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *