हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा जगदलपुर: 151 पार्थिव शिवलिंगों का भव्य रुद्राभिषेक, सावन भर होंगे धार्मिक आयोजन

जगदलपुर, 4 अगस्त 2026। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर रेलवे स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्री हनुमान सेवाश्रम समिति के तत्वावधान में 151 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक कर विश्व कल्याण, प्रदेश की सुख-समृद्धि और जन-जन के मंगल की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा।

समिति के सदस्य धीरेंद्र सिंह ने बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को 151 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे सावन माह में सुंदरकांड पाठ, भक्ति संगीत संध्या और विभिन्न धार्मिक मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

इस धार्मिक आयोजन में समिति के सदस्य श्याम कुमार, शिवाजी राव, कृष्णानंद तिवारी, विनोद तिवारी, मनोज सिंह, राजकुमार सिंह, आनंद झा, जगबंधु भतरा, पिंटू सिंह, सत्यम सिंह, शिवम सिंह, बसंत सिंह और सुनील विश्वकर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में श्री हनुमान सेवाश्रम समिति के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *