जगदलपुर। 13जुलाई 2026/बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में गांजा सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक फिरंता बाजार, कुम्हारपारा क्षेत्र में गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.2 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्की परोशा (32 वर्ष), निवासी फिरंता बाजार, कुम्हारपारा, जगदलपुर बताया। वह शहर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर गांजा की सप्लाई करता था। बरामद गांजे के संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।