बिलासपुर 13जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बदमाशों ने आधी रात नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर ढाबे के कर्मचारी की डंडे, स्टील पाइप और मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के नवापारा स्थित गहलोत ढाबे में देर रात तीन युवक पहुंचे। उन्होंने शराब की मांग की, लेकिन मना किए जाने पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर ढाबे में मौजूद लोगों को धमकाया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ मारपीट की और गल्ले से 4,500 रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। देर रात करैहापारा क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4,500 रुपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल चाकू, लाठी और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।