वैशाली में पेंशनधारी के खाते में 7.40 अरब और दूसरे लाभुक के खाते में 7 करोड़ रुपये दिखे, प्रशासन ने खातों पर लगाई रोक, बैंकिंग सिस्टम की जांच जारी।
वैशाली। 13जुलाई 2026/बिहार के वैशाली जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राशि हस्तांतरण के बाद एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पेंशन निकालने पहुंचे एक ई-रिक्शा चालक के बैंक खाते में अचानक 7 अरब 40 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी। वहीं जिले के एक अन्य पेंशनधारी के खाते में भी 7 करोड़ रुपये से ज्यादा का बैलेंस नजर आया। दोनों मामलों के सामने आने के बाद बैंक और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, 10 जुलाई को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई थी। महुआ प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत निवासी चंद्रदीप राय अपनी 1100 रुपये की पेंशन निकालने ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) पहुंचे। निकासी के बाद जब खाते का बैलेंस देखा गया तो स्क्रीन पर 7,40,68,72,795 रुपये से अधिक की राशि प्रदर्शित हो रही थी। यह देखकर सीएसपी संचालक भी हैरान रह गया।
इसी तरह जंदाहा प्रखंड के खोपी गांव निवासी पेंशनधारी राजन सिंह के खाते में भी अचानक 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी। एक ही जिले में दो ऐसे मामलों के सामने आने से बैंकिंग सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन ने दोनों खातों के संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी है। लाभार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे अगले आदेश तक खाते से किसी भी प्रकार का लेन-देन न करें।
महुआ के बीडीओ सौरव वर्णवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला बैंकिंग सिस्टम या सर्वर की तकनीकी गड़बड़ी का प्रतीत हो रहा है। बैंक और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं कि खातों में इतनी बड़ी राशि कैसे दिखाई दी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।