आंध्र-तेलंगाना से लौट रहे परिवारों के पुनर्वास को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

कमिश्नर डोमन सिंह ने की दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के प्रवासित परिवारों के पुनर्वास की समीक्षा

जगदलपुर, 09 सितंबर 2026। माओवाद मुक्त बस्तर में अपने गांव लौट रहे आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में प्रवासित परिवारों के पुनर्वास को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने बुधवार को दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के प्रवासित परिवारों के पुनर्वास की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वापस लौट रहे परिवारों का संवेदनशीलता के साथ पुनर्वास करते हुए उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।

कमिश्नर ने कहा कि माओवाद मुक्त बस्तर में विश्वास के साथ अपने गांव लौट रहे परिवारों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इन परिवारों को पात्रता के आधार पर आवास सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को शासन की 31 व्यक्ति मूलक और 14 सामुदायिक योजनाओं का पात्र परिवारों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

पंचायत स्तर पर होगा नियमित सर्वे

कमिश्नर ने आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में रह रहे प्रवासित परिवारों तक शासन की पुनर्वास नीति और सुविधाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों में नियमित शिविर आयोजित कर वापस लौटने वाले परिवारों का सर्वे करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रवासित परिवारों की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से संधारित की जाए। इसके लिए गांवों में बैठक आयोजित कर मांझी-मुखिया, समाज प्रमुख, पटेल-कोटवार, गायता-पुजारी, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से चर्चा की जाए। साथ ही गांव से आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में रह रहे परिवारों तथा वापस लौट चुके परिवारों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाए।

कमिश्नर ने कहा कि प्रवासित परिवारों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध रहने से उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक सुविधाएं और शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने में आसानी होगी।

मुनादी और मीडिया के जरिए होगा व्यापक प्रचार

प्रवासित परिवारों को पुनर्वास संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। कमिश्नर ने प्रिंट सहित अन्य मीडिया माध्यमों का उपयोग करने के साथ ही ग्राम पंचायतों में प्रवासित परिवारों से संबंधित सूचना एवं सूची चस्पा करने और कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने को कहा।

उन्होंने राजस्व सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रवासित परिवारों के सर्वे के लिए नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा इसके लिए भ्रमण रोस्टर तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वर्चुअल समीक्षा बैठक में दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले के अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *