MP पुलिस में छुट्टी का नया सिस्टम, अब ऑनलाइन होगी अवकाश की मंजूरी

भोपाल।3जुलाई2026/ मध्य प्रदेश पुलिस ने पुलिसकर्मियों के लिए अवकाश स्वीकृति की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। अब पुलिस अधिकारी और कर्मचारी eHRMS पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन छुट्टी के लिए आवेदन कर सकेंगे। 1 जुलाई 2026 से यह नई व्यवस्था प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में लागू हो चुकी है।

नई व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मियों को छुट्टी के आवेदन के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने होंगे। आवेदन ऑनलाइन संबंधित अधिकारी तक पहुंचेगा, जहां उसकी जांच और स्वीकृति भी डिजिटल माध्यम से ही की जाएगी। कर्मचारी अपने लॉगिन के जरिए आवेदन की स्थिति भी रियल टाइम में देख सकेंगे।

इस डिजिटल प्रणाली का उद्देश्य अवकाश प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और आसान बनाना है। पुलिस मुख्यालय ने इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया था। पहले कुछ चुनिंदा इकाइयों में परीक्षण के बाद मिले सुझावों के आधार पर इसमें सुधार किए गए और अब इसे प्रदेश की करीब 120 पुलिस इकाइयों में लागू कर दिया गया है।

इस नई व्यवस्था से राज्य के एक लाख से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लाभान्वित होंगे। eHRMS मोबाइल ऐप एंड्रॉयड और आईफोन दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जिससे पुलिसकर्मी कहीं से भी छुट्टी के लिए आवेदन कर सकेंगे।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस पहल से प्रशासनिक कामकाज अधिक व्यवस्थित होगा और अवकाश स्वीकृति की प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और समयबद्ध बन सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *