2014 में 3 लाख में बेची कृषि भूमि 2026 में फिर दूसरे व्यक्ति को बेची, पुराने दस्तावेजों की जांच से खुला मामला
जगदलपुर, 07 नवम्बर 2026। बस्तर जिले के परपा थाना क्षेत्र में एक ही कृषि भूमि को दो बार बेचकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने पुराने और नए भूमि दस्तावेजों की जांच कर मामले का खुलासा किया और एक आरोपी भूलकु राम नाग को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कार्तिक कश्यप के पिता ने वर्ष 2014 में ग्राम कोरपाल स्थित खसरा नंबर 62/1 की 2 हेक्टेयर कृषि भूमि 3 लाख रुपये में खरीदी थी। भूमि का कब्जा भी उन्हें मिल गया था, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों के कारण भूमि का नामांतरण नहीं हो सका।
आरोप है कि इसी भूमि को विक्रेता सोमनी ने 8 अप्रैल 2026 को दोबारा नीलवती नाग को बेच दिया और बाद में भूमि का नामांतरण भी करा लिया। इस तरह एक ही भूमि का दो बार विक्रय किए जाने की शिकायत पर प्रार्थी ने थाना परपा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान वर्ष 2014 के पुराने क्रय-विक्रय दस्तावेजों और वर्ष 2026 के नए विक्रय एवं नामांतरण अभिलेखों का मिलान किया गया। दस्तावेजी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी भूलकु राम नाग, पिता पांडरु राम नाग, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम मौलीपदर, थाना दरभा की संलिप्तता सामने आने पर उसे 6 नवम्बर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपी के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर एवं एसडीओपी केशलूर लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी परपा निरीक्षक भोला सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।