मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, बोलीं- जीवन का सबसे गर्व भरा क्षण

पढ़ाई में मन लगाने और सपनों को साकार करने का दिया संदेश, नोनी सशक्तिकरण योजना से मिली सहायता का भी किया उल्लेख

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 07 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छात्रा दिव्या पुरी को स्नेहभरा पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र मिलने से दिव्या और उनका परिवार बेहद खुश है। दिव्या ने इसे अपने जीवन का गर्व और सम्मान का क्षण बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में दिव्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने, अपनी रुचि के अनुसार जीवन की राह चुनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने दिव्या के पिता द्वारा उनकी शिक्षा में किए जा रहे सहयोग की सराहना की। साथ ही श्रम विभाग की नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता का उपयोग पढ़ाई में किए जाने पर प्रसन्नता जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प के अनुरूप बेटियों की शिक्षा को विशेष महत्व दिया जा रहा है। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने दिव्या को अपनी प्रतिभा और रुचियों को पहचानने, निरंतर सीखने और मेहनत के दम पर अपने सपनों को पूरा करने का संदेश दिया। उन्होंने दिव्या के माता-पिता को भी शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री का यह प्रोत्साहन भरा पत्र दिव्या के लिए केवल शुभकामना संदेश नहीं, बल्कि भविष्य में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *