रोल प्ले में सुकमा प्रथम, लोक नृत्य में नारायणपुर ने हासिल किया पहला स्थान
जगदलपुर, 7 नवंबर 2026। बस्तर संभाग में स्कूली विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय नाटक एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जगदलपुर के सेजेस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में 5 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके जीवन कौशल का विकास करना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अभिनय और पारंपरिक लोक नृत्य के माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिए।
प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बाद रोल प्ले में सुकमा जिले की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि लोक नृत्य प्रतियोगिता में नारायणपुर जिले के दल ने बाजी मारी। चयन समिति ने प्रतिभागियों के अभिनय, कलात्मक प्रस्तुति और विषय से जुड़े संदेशों के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पहले शाला और विकासखंड स्तर पर आयोजन किए गए थे। वहां से चयनित जिला स्तरीय विजेता टीमों को संभाग स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के समापन पर संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा संभाग बस्तर ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।