पावर प्लांट में मजदूर की मौत के बाद भड़का गुस्सा: गाड़ियों में तोड़फोड़, पुलिस वाहन भी निशाने पर

14मार्च2026

मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में एक निजी पावर प्लांट में मजदूर की मौत के बाद हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। शनिवार सुबह मजदूरों के गुस्से ने उग्र रूप ले लिया और प्लांट परिसर में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित मजदूरों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी, यहां तक कि पुलिस की गाड़ी भी उनके निशाने पर आ गई।
बताया जा रहा है कि प्लांट में कार्यरत मजदूर लल्लन सिंह की देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। साथी मजदूरों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो वे भड़क उठे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और प्लांट परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया। कुछ वाहनों को पलट भी दिया गया।
हंगामे के दौरान कंपनी के कुछ कर्मचारियों के साथ मारपीट की खबर भी सामने आई है। स्थिति बिगड़ने पर कई कर्मचारी अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर छिप गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात को काबू में करने की कोशिश की।
एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन मजदूरों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मजदूर की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *