ब्रेकअप का खूनी अंत: ऑफिस में घुसकर युवक ने पूर्व प्रेमिका पर बरसाए चाकू, 35 सेकेंड में ली जान

5जून2026

मोहाली। पंजाब के मोहाली में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सेक्टर-66 स्थित एक निजी कंपनी के कार्यालय में काम कर रही 30 वर्षीय युवती की उसके पूर्व प्रेमी ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महज कुछ सेकेंड में युवती पर दर्जनों वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतका और आरोपी पहले रिश्ते में थे, लेकिन करीब छह महीने पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद आरोपी लगातार युवती से दोबारा संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था, जबकि युवती उससे दूरी बनाए हुए थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।

घटना के दिन आरोपी अचानक कंपनी के कार्यालय पहुंचा और युवती से बातचीत करने लगा। कुछ ही देर में दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते युवक ने अपने पास रखे चाकू से युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। ऑफिस में मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही खून से लथपथ युवती जमीन पर गिर गई। हमले से पूरे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि आरोपी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम और ब्रेकअप के बाद उपजे विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती हिंसा और जुनूनी मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *