सासाराम में वारदात से गांव में दहशत, अलमारी और बक्से तोड़कर ले गए सोने-चांदी के जेवर व नकदी
सासाराम, 19 अक्टूबर 2026। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में दुर्गापूजा घूमने गए एक परिवार के घर को हथियारबंद डकैतों ने निशाना बनाया। रविवार रात जयपुर गांव में हुई इस वारदात में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर आरोपी फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सदस्य पूजा घूमने के लिए सासाराम आए हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, जयपुर गांव निवासी मुकेश सिंह के घर में डकैत पीछे के दरवाजे से छत पर पहुंचे और सीढ़ियों के रास्ते अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अलमारी और बक्सों को तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी, कपड़े और अन्य कीमती सामान समेट लिया। लूटे गए सामान में करीब 10 लाख रुपये के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नकद शामिल बताए जा रहे हैं।
रात एक बजे घर लौटा परिवार, अंदर से बंद था दरवाजा
परिवार के सदस्य जब रात करीब एक बजे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी कोशिश करने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। बाद में परिवार के लोग पीछे के रास्ते से घर के अंदर पहुंचे, जहां अलमारी और बक्से टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें डकैती की जानकारी हुई।
घर के मालिक मुकेश सिंह के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य दुर्गापूजा घूमने गए थे। उनके पिता घर के दलान में बैठे थे, लेकिन उन्हें भी घर के अंदर डकैतों के घुसने की भनक नहीं लगी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस डकैतों की पहचान करने तथा वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।