जगदलपुर, 3 नवंबर 2026। दीपावली के मद्देनजर जगदलपुर के लालबाग मैदान में इस बार पटाखों की 45 से अधिक अस्थायी दुकानें लगाई जाएंगी। दुकानों का आवंटन आज नगर निगम द्वारा लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। पिछले वर्ष यहां 40 दुकानें लगाई गई थीं। इस बार दुकानों की संख्या बढ़ाने के साथ ही आवंटन शुल्क में भी वृद्धि की गई है।
नगर निगम ने इस वर्ष प्रति दुकान आवंटन शुल्क 12,100 रुपये निर्धारित किया है, जबकि पिछले साल यह राशि 11,000 रुपये थी। नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा के अनुसार, लालबाग मैदान में शौचालय के पीछे सनसिटी गेट की ओर अस्थायी दुकानें लगाने के लिए प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।
आवंटन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी, जबकि दोपहर 3 बजे से दुकानों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। इसमें केवल वैध पटाखा लाइसेंसधारी कारोबारी ही शामिल हो सकेंगे। इसके लिए कारोबारियों को जीवित पटाखा लाइसेंस, आधार कार्ड की मूल प्रति और छायाप्रति के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। कलेक्ट्रेट कार्यालय की वैध पटाखा लाइसेंस सूची में नाम दर्ज होने पर ही आवंटन का अवसर मिलेगा।
नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही दुकान आवंटित की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि पटाखों का भंडारण और बिक्री केवल आवंटित अस्थायी दुकानों से ही की जा सकेगी। नगर निगम क्षेत्र के अन्य स्थानों पर पटाखों की बिक्री या भंडारण प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
लालबाग मैदान में सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम द्वारा फायर ब्रिगेड वाहन और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। दुकानदारों को भी सुरक्षा उपकरण रखने और सावधानीपूर्वक दुकानें संचालित करने के निर्देश दिए जाएंगे। दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मैदान में व्यवस्थित तरीके से दुकानें लगाई जाएंगी।