राज्योत्सव में हितग्राहियों को मिली सौगात, किसी को मिला पक्का मकान तो किसी को 14 लाख रुपये की सहायता

जगदलपुर में सशक्त नारी और युवा उड़ान की थीम पर हुआ आयोजन, दिव्यांगजनों, महिलाओं, किसानों और आपदा प्रभावित परिवारों को किया गया लाभान्वित

जगदलपुर, 03 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जगदलपुर के ऐतिहासिक सिटी ग्राउंड में 2 नवम्बर को राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित इस समारोह में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को सहायता और संसाधनों की सौगात दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, उपकरण और आवश्यक सामग्री वितरित की। इस दौरान तीन हितग्राहियों को उनके पक्के आवास की चाबी सौंपी गई, वहीं 12 पशु सखियों को विभागीय किट प्रदान की गई। कृषि यांत्रिकीकरण को प्रोत्साहन देने के लिए ग्राम तेलीमारेंगा के फार्म मशीनरी बैंक के हितग्राही महादेव मौर्य को 14 लाख रुपये का चेक दिया गया।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। वहीं, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छह बालिकाओं को मंच पर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

दिव्यांगजनों को भी उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके अंतर्गत तीन हितग्राहियों को ब्रेल किट, एक को स्मार्ट केन, तीन को श्रवण यंत्र और दो हितग्राहियों को व्हीलचेयर दी गई, जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने की पहल की गई।

वहीं, स्वामित्व योजना के तहत ग्राम घाटपदमुर के चार हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख सौंपे गए। इससे उन्हें अपनी भूमि के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को भी राहत दी गई। डोंगाघाट आसना के बाढ़ प्रभावित महेंद्र सिंह ठाकुर को मकान क्षति के लिए 1 लाख 32 हजार 500 रुपये और झिटकू बघेल को 1 लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

कृषि एवं संबद्ध विभागों की ओर से स्थानीय किसानों और महिला समूहों को आजीविका संवर्धन के लिए जाल, आइस बॉक्स सहित विभिन्न सामग्रियों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डे, निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, संभाग आयुक्त डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *