सरगुजा10मई206 छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में छह साल पहले रहस्यमय ढंग से लापता हुए प्रेमी जोड़े का दर्दनाक सच अब सामने आया है। जंगल के बीच नाले के किनारे मिट्टी में दफन मिले युवक और युवती के कंकालों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर परिजनों ने दोनों की पहचान की, जिसके बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
यह मामला धौरपुर थाना क्षेत्र के जोरी-बिलमा जंगल का है। ग्रामीणों ने जंगल के एक सुनसान नाले के पास मिट्टी के अंदर दबे मानव अवशेष देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने खुदाई कर दो कंकाल बरामद किए। बताया जा रहा है कि दोनों कंकाल कई हिस्सों में बंटे हुए थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत काफी पहले हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक युवक और किशोरी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति से थे, इसलिए परिवार और समाज इस रिश्ते के खिलाफ था। बताया जाता है कि इसी कारण दोनों चोरी-छिपे जंगल में मिलते थे। वर्ष 2020 में अचानक दोनों गायब हो गए थे। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। बाद में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
अब छह साल बाद जब दोनों के कंकाल मिले हैं, तो मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस को आशंका है कि जंगल में जंगली सूअरों के शिकार के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई हो सकती है। वहीं यह भी शक जताया जा रहा है कि घटना के बाद किसी ने शवों को छिपाने के लिए नाले में दफन कर दिया।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। दोनों कंकालों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा ताकि पहचान पूरी तरह स्पष्ट हो सके और मौत की असली वजह सामने आ सके। इस दर्दनाक खुलासे के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
6 साल बाद जंगल की मिट्टी से निकला प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, लापता प्रेमी जोड़े के कंकाल मिलने से सनसनी