18 नवंबर 2026 |मेघालय में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक BSF जवान गलती से बांग्लादेश की सीमा में पहुंच गया। वहां मौजूद बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BGB) के जवानों ने उसे रोक लिया। दोनों देशों के सीमा अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद जवान को मंगलवार शाम सुरक्षित भारत वापस लाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, कॉन्स्टेबल रैंक का यह जवान ड्यूटी के दौरान अनजाने में सीमा पार चला गया था। यह घटना मेघालय के जोवाई इलाके की बताई गई है, जो बांग्लादेश के सिलहट जिले के सामने स्थित है।
बताया गया कि इस क्षेत्र में सीमा पर बाड़ नहीं लगी है और दोनों तरफ के लोगों की आवाजाही भी होती रहती है। घटना के बाद दोनों पक्षों के कमांडरों के बीच बातचीत और मुलाकात हुई, जिसके बाद BSF जवान को सुरक्षित वापस भेज दिया गया।
इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए थे। वीडियो में BGB जवानों और स्थानीय लोगों के साथ भारतीय जवान दिखाई दे रहा था। अधिकारियों ने इन वीडियो पर संज्ञान लिया था। जवान के पास वॉकी-टॉकी और हथियार भी मौजूद थे।
फिलहाल जवान के सुरक्षित लौटने के बाद मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए स्थिति सामान्य कर ली गई है।