बलौदाबाजार, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच धान खरीदी को लेकर सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा है कि पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी प्रभावित नहीं होगी। किसानों को परेशानी से बचाने के लिए तहसीलदार और एसडीएम को सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों के जरिए होगा किसानों के धान का सत्यापन
मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन के अधिकारी किसानों के धान का सत्यापन करेंगे। सत्यापन के बाद नियमानुसार धान की खरीदी की जाएगी। सरकार का कहना है कि हड़ताल के बावजूद खरीदी प्रक्रिया को सुचारु रूप से जारी रखा जाएगा और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
कम उत्पादन होने पर भी सहायता का प्रावधान
मंत्री वर्मा ने कहा कि पानी, खाद या बीज की कमी जैसी परिस्थितियों के कारण यदि कोई किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान का उत्पादन नहीं कर पाता है, तो वह अपने वास्तविक उत्पादन के अनुसार धान बेच सकेगा। इसके साथ ही पात्र किसानों को शेष मात्रा पर आदान सहायता का लाभ भी मिलेगा।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि किसी किसान का उत्पादन 10 क्विंटल प्रति एकड़ है और वह 10 क्विंटल धान बेचता है, तो पात्रता के अनुसार शेष 11 क्विंटल पर भी आदान सहायता का लाभ दिया जाएगा। प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता का प्रावधान बताया गया है।
मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्था की जा रही है, ताकि पटवारियों की हड़ताल का असर धान खरीदी प्रक्रिया पर न पड़े।