श्रीनगर, 18 नवंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड कमांडर लतीफ अहमद भट मुठभेड़ में मारा गया। कार्रवाई के दौरान वह जांगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिप गया था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई मौके दिए, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली के मुताबिक, लतीफ को आत्मसमर्पण के लिए समझाने की लगातार कोशिश की गई। यहां तक कि उन्होंने खुद वीडियो कॉल के जरिए उससे बातचीत की। उसे समझाया गया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह काफी युवा है। इसके बावजूद वह अपनी जिद पर अड़ा रहा और मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी करता रहा।
मस्जिद की मर्यादा को ध्यान में रखकर बरता संयम
एसएसपी ने बताया कि मस्जिद की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षाबलों ने पूरी सावधानी और अधिकतम संयम बरता। इस दौरान निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन किया गया। आत्मसमर्पण की तमाम कोशिशें नाकाम रहने के बाद मुठभेड़ में लतीफ भट मारा गया।
CRPF हमले से जुड़ा था लतीफ का नाम
लतीफ भट पर कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप था। पुलिस के अनुसार, उसने लश्कर आतंकी उमर निसार डार के साथ मिलकर हमले से पहले कई इलाकों में रेकी की थी। 11 नवंबर को अखरान में CRPF नाके पर हुए हमले में तीन जवान घायल हुए थे।
इस मामले में लतीफ का सहयोगी उमर निसार डार सोमवार को ही मुठभेड़ में मारा जा चुका था। अब लतीफ भट के मारे जाने के साथ ही इस हमले से जुड़े दोनों आतंकियों का अंत हो गया है।