रायपुर, 18 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग की छापेमारी से कारोबारी जगत में हलचल मच गई। विभाग की 16 से अधिक टीमों ने प्रदेश के पांच जिलों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ और जांजगीर-चांपा में एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान लोहा कारोबारियों और कंपनियों से जुड़े कार्यालयों व आवासों में दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
PRA ग्रुप और बर्बरीक कंपनी जांच के दायरे में
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में आयकर विभाग की टीम ने जांच शुरू की। यहां तीन ठिकानों पर अधिकारियों की कार्रवाई और पूछताछ जारी है। वहीं रायपुर और रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी के ठिकानों पर भी विभाग की टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। रायगढ़ में चार अलग-अलग स्थानों पर जांच की सूचना है।
बिलासपुर में लोहा कारोबारी के निवास पर जांच
बिलासपुर में संभाग के बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के विद्या नगर स्थित निवास पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। तीन गाड़ियों में पहुंचे अधिकारियों ने वहां दस्तावेजों की जांच शुरू की और कारोबारी से पूछताछ की।
अंबिकापुर में PRA ग्रुप के मालिक के घर पहुंची टीम
कार्रवाई का दायरा अंबिकापुर तक भी पहुंचा। यहां PRA ग्रुप के मालिक रमेशचन्द्र अग्रवाल के एमजी रोड स्थित निवास पर बुधवार सुबह से आयकर विभाग के अधिकारी जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक टीमें शामिल हैं।
सूरजपुर में दो ठिकानों पर छापेमारी
सूरजपुर में आयकर विभाग की टीम ने PRA ग्रुप के कार्यालय और साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल के राइस मिल परिसर में एक साथ दबिश दी। यहां दस्तावेजों, बही-खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
फिलहाल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। छापेमारी के पीछे कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी सूचनाओं की जांच की बात सामने आ रही है। हालांकि, विभाग की ओर से कार्रवाई के कारणों और जांच में मिले तथ्यों को लेकर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।