रायपुर, 19 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नारायणपुर के पद्मश्री सम्मानित काष्ठ शिल्पकार पंडीराम मंडावी ने नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पारंपरिक काष्ठ शिल्प कला के संरक्षण और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
पंडीराम मंडावी ने महज 15 वर्ष की उम्र में लकड़ी पर कलाकृतियां उकेरने की शुरुआत की थी और अपना पूरा जीवन इस पारंपरिक कला को समर्पित कर दिया। उनकी कलाकृतियों में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, जीवनशैली और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिलती है। इसी विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है।
मुलाकात के दौरान मंडावी ने बताया कि अबूझमाड़ प्रवास के समय मुख्यमंत्री साय ने उनसे स्थानीय अबूझमाड़िया युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण देने का आग्रह किया था। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने करीब एक महीने तक प्रशिक्षण देकर 12 युवाओं को लकड़ी पर कलाकृतियां बनाने की बारीकियां सिखाईं। उनका मानना है कि पारंपरिक कला का अस्तित्व तभी कायम रह सकता है, जब उसका हुनर अगली पीढ़ी तक पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने बस्तर के दूरस्थ इलाकों में बढ़ती बुनियादी सुविधाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब गांवों तक सड़क, अस्पताल, धान खरीदी और बस सेवा जैसी सुविधाओं की पहुंच बढ़ी है। पहले जहां लंबी दूरी तय करने के लिए ग्रामीणों को साइकिल का सहारा लेना पड़ता था, वहीं अब बस सेवा से आवागमन आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ स्थानीय युवाओं को अपनी पारंपरिक कला और कौशल से जोड़ने के प्रयास बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।