बलौदाबाजार को मिली बड़ी सौगात: ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण के लिए 16.41 करोड़ रुपए मंजूर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रायपुर, 30 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के नगरीय विकास को गति देते हुए बलौदाबाजार नगर पालिका क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 16 करोड़ 40 लाख 77 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री  अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से स्वीकृति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
प्रदेश सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय से बलौदाबाजार में परिवहन सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी। ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण से माल परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इससे शहर में यातायात का दबाव कम होने के साथ-साथ आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि परियोजना का कार्य तय समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि आम जनता और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
राज्य सरकार द्वारा अधोसंरचना विकास पर लगातार विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में ट्रांसपोर्ट नगर की यह स्वीकृति बलौदाबाजार के विकास को नई गति देने वाला कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और परिवहन व्यवसायियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *