14/3/2026
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की जिला जेल इन दिनों सिर्फ कैदियों को रखने की जगह नहीं, बल्कि शिक्षा का केंद्र बनती जा रही है। आने वाली ओपन बोर्ड परीक्षा के लिए जेल को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां इस बार 25 बंदी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें नक्सल मामलों में बंद चार बंदी भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, राज्य ओपन स्कूल की बोर्ड परीक्षा 16 मार्च से शुरू होगी। परीक्षा को देखते हुए जिला जेल में ही सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं ताकि बंदी बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।
पिछले तीन साल से चल रही व्यवस्था
जेल प्रशासन के मुताबिक पिछले तीन वर्षों से जिला जेल को ओपन बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनाया जा रहा है। इससे पहले कई बंदियों को बाहर के परीक्षा केंद्रों में ले जाना पड़ता था, जिससे असुविधा होती थी। जेल को ही केंद्र बनाने के बाद परीक्षा देने वाले बंदियों की संख्या भी बढ़ी है।
महिला बंदी भी देंगी परीक्षा
इस बार परीक्षा में कुल 25 बंदी शामिल होंगे। इनमें 3 महिला बंदी और 1 पुरुष नक्सल बंदी समेत चार नक्सल मामले के बंदी भी हैं। सभी को पढ़ाई के लिए किताबें, कॉपियां और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
शिक्षा से बदल रही सोच
जेल प्रशासन का कहना है कि समय-समय पर बंदियों की काउंसलिंग की जाती है, जिससे कई बंदियों ने पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई। कर्मचारियों द्वारा भी उन्हें पढ़ाई में मदद दी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि शिक्षा ही बंदियों को नई दिशा देने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है।