बारिश से डूबती मुंबई, लेकिन नहीं थमी रफ्तार! रेड अलर्ट के बीच सड़कें पानी-पानी, ट्रैफिक बेहाल”

मुंबई2जुलाई2026/देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। शिलफाटा, अंधेरी सबवे समेत कई निचले इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला।
मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं, पवई झील का जलस्तर बढ़ने से ओवरफ्लो की स्थिति बन गई।
हालांकि भारी बारिश के बावजूद मुंबई की रफ्तार पूरी तरह नहीं थमी। लोकल ट्रेन सेवाएं मामूली देरी से संचालित हुईं और कुछ उड़ानों का रूट बदला गया, लेकिन अधिकांश सड़कें और परिवहन सेवाएं चालू रहीं। बीएमसी की त्वरित कार्रवाई और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम के कारण बड़े स्तर पर जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ।
बारिश से शहर के जलाशयों में भी पानी की आवक बढ़ी है, जिससे जल भंडारण क्षमता में सुधार हुआ है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
मौसम विभाग ने 4 जुलाई तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *