ICAI का 78वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, CPE चैप्टर का गठन; पूर्ण ब्रांच खोलने का लिया संकल्प

जगदलपुर2जुलाई2026/ द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर जगदलपुर के स्वास्तिक आनंदम रिसॉर्ट में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ एवं युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर संस्थान के स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया।
इस अवसर पर जगदलपुर CPE चैप्टर के गठन की घोषणा की गई। नवगठित चैप्टर में सीए विवेक सोनी को कन्वीनर और सीए नीरव मोतीवाला को डिप्टी कन्वीनर की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित सदस्यों ने नई टीम का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नई कार्यकारिणी ने अपने संबोधन में कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य जगदलपुर में ICAI की पूर्ण शाखा (फुल ब्रांच) की स्थापना करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्यों के सहयोग और संस्थान के मार्गदर्शन से यह लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जाएगा। इससे बस्तर संभाग के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और सीए विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक, व्यावसायिक और संस्थागत सुविधाएं मिल सकेंगी।
समारोह के दौरान पिछले सीए दिवस के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंसी की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स बने सदस्यों का सम्मान भी किया गया। वरिष्ठ सीए सदस्यों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मनोरंजक खेलों और टीम गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे सभी सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द और एकजुटता का माहौल बना। अंत में केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया तथा स्नेहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन केवल स्थापना दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि जगदलपुर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की एकजुटता को मजबूत करने और ICAI की पूर्ण शाखा की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *