गिरौधपुरी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी माजदा पलटी, 25 लोग सवार; कई घायल

बलौदाबाजार, 3 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार को श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-130 बी पर सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि वाहन में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 25 श्रद्धालु सवार थे, जो गिरौधपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन का स्टेयरिंग फेल होने के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। मोड़ के पास माजदा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव में मदद की।

दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल सीएचसी कसडोल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका प्राथमिक उपचार जारी है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने घटना की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *