नाबालिगों की ड्राइविंग पर दंतेवाड़ा पुलिस सख्त, 50 बच्चों और परिजनों को दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ

दंतेवाड़ा, 3 सितंबर 2026। नाबालिग बच्चों के वाहन चलाने पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यातायात पुलिस दंतेवाड़ा ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन चलाते मिले नाबालिगों के परिजनों को यातायात शाखा बुलाया गया और उनसे लिखित आश्वासन लिया गया कि वे भविष्य में अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देंगे। करीब 50 नाबालिग वाहन चालकों और उनके परिजनों की मौजूदगी में यातायात नियमों का पालन करने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने और बिना हेलमेट दोपहिया नहीं चलाने की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने अभिभावकों को समझाइश देते हुए कहा कि नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना उनके साथ-साथ अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *