जुआ प्रतिषेध अधिनियम के मामले में चल रहा था फरार, कटेकल्याण पुलिस ने घर पर दबिश देकर पकड़ा
दंतेवाड़ा, 23 नवंबर 2026। जिले में फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस को सफलता मिली है। कटेकल्याण पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आकांक्षा सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में फरार वारंटियों की तलाश की जा रही है।
इसी अभियान के दौरान 23 नवंबर को थाना कटेकल्याण की पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कटेकल्याण के अपराध क्रमांक 31/2024 में जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के तहत जारी स्थायी वारंट का आरोपी लछिन्दर भास्कर (28 वर्ष), निवासी ग्राम मटेनार गमीरपारा, थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा अपने घर पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम मटेनार स्थित उसके घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया। बताया गया कि आरोपी वर्ष 2024 में अपराध दर्ज होने के बाद से करीब दो साल से फरार चल रहा था।
पुलिस ने गिरफ्तार स्थायी वारंटी को 23 नवंबर को न्यायालय जेएमएफसी दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया है।