कोरिया 23नवंबर2026/छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जंगल के रास्ते साप्ताहिक बाजार जा रहे व्यापारियों के सामने अचानक जंगली हाथी आ जाने से अफरा-तफरी मच गई। सोनहत-रामगढ़ मार्ग स्थित तुर्रिपानी जंगल में हाथी को सड़क पर देखकर माजदा वाहन चालक ने वाहन पीछे करने की कोशिश की, लेकिन वाहन सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया।
बताया गया कि माजदा वाहन में करीब 10 से 15 व्यापारी सवार थे। हाथी को बेहद करीब देखकर वाहन में सवार लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए वाहन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एक व्यापारी गिरकर घायल हो गया, जिसे हल्की चोट आई है। वहीं, दो महिलाएं डर के कारण वाहन के अंदर ही छिपी रहीं।
कुछ देर तक हाथी माजदा वाहन के आसपास ही मौजूद रहा। हालांकि उसने किसी व्यापारी पर हमला नहीं किया। बाद में हाथी जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
यह पूरा घटनाक्रम गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र के जंगल में बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।