सीएम साय का कोंडागांव दौरा, महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा की तैयारी अंतिम चरण में

रायपुर, 23 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सोमवार का दिन राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के लिहाज से अहम रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोंडागांव और रायपुर के दौरे पर रहेंगे। वहीं रायपुर के महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा को लेकर पुन्नी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

धनोरा में कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर से दोपहर करीब 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1:20 बजे कोंडागांव जिले के धनोरा के लिए रवाना होंगे। यहां वे राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती एवं कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब 3:35 बजे रायपुर लौटेंगे।

शाम 4:45 बजे मुख्यमंत्री पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां मानव तस्करी और घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष का रायपुर में कार्यक्रम

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी भी आज रायपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा है। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

जोशी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के साथ साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। इसके अलावा रावतपुरा विश्वविद्यालय में आयोजित युवा जोहार कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे पत्रकार वार्ता

उप मुख्यमंत्री अरुण साव सोमवार दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता करेंगे। वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज बेमेतरा जिले के दौरे पर रहेंगे और नगर पंचायत मारो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। बैठक में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर चर्चा होगी।

प्रवीण तोगड़िया भी छत्तीसगढ़ प्रवास पर

अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया आज से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। पहले दिन वे रायपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक लेंगे और इसके बाद प्रेस वार्ता करेंगे। आगामी दिनों में उनका रायगढ़ और अंबिकापुर प्रवास प्रस्तावित है।

महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा की तैयारी पूरी होने की ओर

रायपुर के महादेव घाट स्थित खारुन नदी तट पर कार्तिक पूर्णिमा के पुन्नी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तीन दिवसीय मेले के लिए दुकानें सजने लगी हैं। श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान के लिए गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है।

मेला स्थल पर पेयजल व्यवस्था के लिए पांच पानी के टैंकर भी उपलब्ध रहेंगे। महादेव घाट का पुन्नी मेला करीब 200 वर्षों से आयोजित होने की मान्यता है और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रायपुर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *