बस्तर में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 7 हजार से ज्यादा बोतलें जब्त; दो नाबालिग समेत तीन पकड़ाए

23 नवंबर 2026 | जगदलपुर। बस्तर जिले के दरभा थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। छोटे कड़मा में दबिश देकर टीम ने मध्यप्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड की 7,010 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं। मामले में दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त शराब की कुल मात्रा 1,261.8 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये आंकी गई है। वहीं, वाहनों सहित जब्त सामग्री का कुल बाजार मूल्य 20 लाख 96 हजार 350 रुपये बताया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

आबकारी अधिकारी अंकित सिंह राठौर के मुताबिक, 21 नवंबर को मुखबिर से छोटे कड़मा में अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान एक ईको वाहन से गोवा ब्रांड शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं। इस वाहन में मौजूद सुनील सेठिया निवासी राजुर मौके से फरार हो गया।

बाइक सवारों के पास भी मिली शराब

कार्रवाई के दौरान काले रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार दो लोगों को पकड़ा गया। इनमें एक नाबालिग और दूसरा प्रवीण बघेल निवासी चितापूर बताया गया है। तलाशी में उनके पास से गोवा ब्रांड शराब की एक पेटी मिली। पूछताछ में गिट्टी खदान के रास्ते पर शराब छिपाकर रखने की जानकारी सामने आई।

वाहन से मिलीं 124 पेटियां

आबकारी टीम ने बताए गए स्थान पर तलाशी ली तो वहां एक अशोक लीलैंड वाहन मिला। जांच करने पर वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड विदेशी शराब की 124 पेटियां बरामद हुईं। पूरी कार्रवाई में कुल 140 पेटी और 10 नग शराब जब्त की गई।

दो नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए

आबकारी विभाग ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 और 59 के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि प्रवीण बघेल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। फरार आरोपी सुनील सेठिया की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *