25मई 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं की जमीनी स्थिति परखने के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने बिना किसी औपचारिक सूचना के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेमेतरा के पास आम व्यक्ति की तरह डायल-112 पर कॉल कर सहायता मांगी और खुद को सड़क दुर्घटना व मारपीट का पीड़ित बताया।
जानकारी के मुताबिक कॉल करने के बाद वे सड़क किनारे एक ढाबे पर रुक गए और पुलिस सहायता टीम के पहुंचने का इंतजार करने लगे। कुछ ही समय में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद गृह मंत्री ने मौके पर मौजूद पुलिस वाहन, संचार प्रणाली, AI आधारित लोकेशन ट्रैकिंग व्यवस्था और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम का बारीकी से निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में राज्य सरकार ने प्रदेशभर में 400 आधुनिक नेक्स्ट-जेन डायल-112 वाहनों की शुरुआत की है। इन वाहनों का उद्देश्य आपातकालीन सेवाओं को तेज, तकनीक-सक्षम और आम लोगों के लिए अधिक प्रभावी बनाना है।
डिप्टी सीएम का यह दौरा किसी औपचारिक समीक्षा बैठक का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह एक वास्तविक मैदानी परीक्षण था। इसका मकसद यह समझना था कि संकट की घड़ी में आम नागरिकों को पुलिस सहायता कितनी जल्दी और किस स्तर की मिल रही है।
इस पहल को लेकर लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। आम जनता का कहना है कि यदि वरिष्ठ अधिकारी इसी तरह जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की जांच करते रहें, तो आपातकालीन सेवाएं और अधिक मजबूत तथा भरोसेमंद बन सकती हैं।