25मई 2026
भिलाई के नेहरू नगर स्थित एक कार शोरूम में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महिला कर्मचारियों ने शोरूम के जनरल मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामला इतना बढ़ गया कि एक महिला कर्मचारी ने गुस्से में जीएम के चेहरे पर स्याही फेंक दी और सबके सामने थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि शोरूम में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने जीएम अंकित आनंद पर अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि लंबे समय से उसे परेशान किया जा रहा था। शिकायत के बाद माहौल गरमा गया और कर्मचारियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया।
घटना के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी और स्थिति संभालने की कोशिश करती रही, लेकिन नाराज महिला लगातार विरोध जताती रही। इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया।
मामले के सामने आने के बाद शोरूम में काम करने वाली अन्य महिलाओं ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि कई महिला कर्मचारियों ने जीएम के व्यवहार को लेकर असंतोष जताया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शिकायत दर्ज कर पीड़ित महिलाओं के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पूरे भिलाई शहर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।