रायपुर, 14 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की सौगात दी है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के बाद अब वित्त विभाग ने डीए बढ़ोतरी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों को एरियर्स की राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार, सातवें वेतनमान के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से 3 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता दिया जाएगा। इसके बाद उनका डीए 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है।
वहीं छठवें वेतनमान में शामिल कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। अब छठवें वेतनमान में डीए 252 प्रतिशत से बढ़कर 257 प्रतिशत कर दिया गया है।
सरकार के इस फैसले से राज्य के हजारों कर्मचारियों को महंगाई के दौर में राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि एरियर्स न दिए जाने को लेकर कर्मचारियों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखी जा रही है।