मकर संक्रांति पर लामनी पार्क में रंग, पतंग और प्रकृति का उत्सव

चित्रकला और पतंगबाजी प्रतियोगिता में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


जगदलपुर, 14 जनवरी 2026/ मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जगदलपुर के प्रसिद्ध लामनी पार्क में आज बुधवार को उत्साह, उल्लास और रंगों से भरा एक मनमोहक दृश्य देखने को मिला। वन विभाग द्वारा ‘चित्र-विचित्र’ संस्था के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में प्रकृति और संस्कृति का अनूठा संगम नजर आया, जिसे शहरवासियों और स्कूली बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ अपनाया।
कड़ाके की ठंड और त्योहार की व्यस्तता के बावजूद आयोजन में लोगों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। चित्रकला प्रतियोगिता में 630 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता में 256 प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों के बीच प्रकृति, वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था, जिसमें कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा।
दोपहर 12 बजे से प्रारंभ हुई चित्रकला प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने ‘प्रकृति, वन एवं पर्यावरण’ विषय पर अपनी कल्पनाओं को कैनवास पर उकेरा। बच्चों की पेंटिंग्स में पर्यावरण संरक्षण के सशक्त संदेश दिखाई दिए, जिसने उपस्थित दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
शाम 3 बजे के बाद पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता ने आयोजन को और भी रोमांचक बना दिया। लामनी पार्क का आकाश रंग-बिरंगी पतंगों से भर गया। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को पारिवारिक और सामाजिक उत्सव का रूप दे दिया।
इस अवसर पर बस्तर वनमंडलाधिकारी  उत्तम कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिताओं को सभी आयु वर्ग के बच्चों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया था। उन्होंने बताया कि 11 से 18 वर्ष (वरिष्ठ वर्ग) के विजेताओं को क्रमशः 10 हजार, 7 हजार और 4 हजार रुपए, जबकि 6 से 10 वर्ष (कनिष्ठ वर्ग) के विजेताओं को 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं पतंगबाजी प्रतियोगिता के विजेताओं को 2,100 रुपए और 1,100 रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को सांत्वना पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
वन विभाग की इस पहल ने मकर संक्रांति के पर्व को शहरवासियों, पर्यटकों और बच्चों के लिए यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *