सड़क की बदहाल हालत देख भड़की विधायक, अधिकारी को वीडियो कॉल कर कहा – अभी उखाड़कर दोबारा बनाओ

जशपुर, 14 मार्च। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्र की विधायक रायमुनी भगत ने निरीक्षण के दौरान सड़क की खराब हालत देख नाराजगी जताई और मौके से ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
मामला बगीचा नगर के वार्ड क्रमांक 4 से 5 तक बनी सड़क का है, जिसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तैयार किया गया था। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क की परत कुछ ही समय में कई जगहों से उखड़ने लगी है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सड़क की हालत देखकर तुरंत विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अधिकारियों को सड़क की स्थिति दिखाई और काम की गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
विधायक ने कहा कि जनता के पैसे से बनने वाले विकास कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि सड़क निर्माण में गड़बड़ी पाई जाती है तो उसे हटाकर दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाया जाए।
बताया जा रहा है कि इस सड़क का निर्माण ठेकेदार गजेंद्र जैन द्वारा कराया गया था। स्थानीय लोगों ने भी पहले से सड़क की खराब स्थिति को लेकर शिकायत की थी। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *