कोंडागांव। 23अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार को मंत्री केदार कश्यप के काफिले का बड़ा सड़क हादसा हो गया। जुनवानी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार पुलिस जवान, मंत्री के PA और ड्राइवर शामिल हैं।
हादसे के समय मंत्री केदार कश्यप भी अपनी कार में मौजूद थे। हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए।
चार घायलों को रायपुर किया गया रेफर
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
घायलों में मंत्री के PA अनुराग शर्मा को सीने में दर्द, ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य को सिर, चेहरे और पैर में चोट आई है। प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और आरक्षक सुगंतिन उसेंडी को सिर में गंभीर चोट लगी है। वहीं आरक्षक त्रिलोतमा मदरू और आरक्षक नर्मदा मरकाम भी घायल हुए हैं।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक मंत्री अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक काफिले में घुस गई और मंत्री की कार को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर काफिले के फॉलो वाहन से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन समेत काफिले की तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद मंत्री केदार कश्यप ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। शुरुआती जानकारी के अनुसार मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।