दंतेवाड़ा, 23 अगस्त 2026। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग को मजबूत करने की दिशा में दंतेवाड़ा पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने रविवार को थाना कटेकल्याण अंतर्गत ग्राम परचेली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों को आवश्यकतानुसार कपड़े, चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों से यह भी पूछा गया कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी इच्छाएं साझा कीं, जिनमें अधिकांश ने पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई।
पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ विश्वास, संवेदनशीलता और सहयोग का संबंध स्थापित करना भी है। ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और आमजन के बीच संवाद की दूरी कम होती है और बच्चों में पुलिस के प्रति भय के स्थान पर मित्रवत पुलिसिंग की भावना विकसित होती है।
पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने सराहना की। कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी दंतेवाड़ा आकांक्षा, थाना कटेकल्याण प्रभारी विजय कुमार राठौर एवं थाना स्टाफ, महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक मीना साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित ग्रामीण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा जनहित एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।