जगदलपुर -अलनार (लोहंडीगुड़ा ब्लॉक)।
स्कूल स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, अलनार (लोहंडीगुड़ा ब्लॉक) के छात्र-छात्राओं ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम के नौवें संस्करण का सजीव प्रसारण विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक देखा। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का सशक्त माध्यम बना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए परीक्षा से जुड़े तनाव, डर और दबाव को दूर करने के सरल और प्रभावी उपाय साझा किए। उन्होंने परीक्षा को जीवन का भय नहीं, बल्कि सीखने, आत्ममंथन और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर बताया। साथ ही विद्यार्थियों को मन की शांति, अनुशासन, समय प्रबंधन और संतुलित सोच अपनाने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री का यह संवाद विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणादायी रहा, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ करने की दिशा भी दिखाता नजर आया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गहरी एकाग्रता के साथ प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और उनसे सीख ग्रहण की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लैखन राम बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि “माननीय प्रधानमंत्री जी का ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक, नैतिक और बौद्धिक विकास के लिए एक अत्यंत सार्थक राष्ट्रीय पहल है। यह बच्चों को तनावमुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और उन्हें जीवन की वास्तविक चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षा को केवल अंकों तक सीमित न रखकर जीवन मूल्यों, सकारात्मक सोच और संतुलित व्यक्तित्व निर्माण से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएं स्पंदन पाराशर, पूजा रंगारी, योगिता सोढ़ी, लीना ठाकुर, कृति रथ तथा शिक्षक संजय मांडवी, श्रीकांत कश्यप, चूलेश्वर, इसके साथ ही सहायक कर्मचारी कैलाश सेठिया और नीलाम बाड़ा भी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणास्पद बताया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा साफ झलकती नजर आई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि ‘परीक्षा पर चर्चा’ वास्तव में छात्रों के लिए एक मार्गदर्शक और प्रेरक पहल है।
परीक्षा पर चर्चा’ के नौवें संस्करण ने बढ़ाया विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, तनावमुक्त होकर आगे बढ़ने की मिली प्रेरणा