खैरागढ़, 9 फरवरी 2026।
जिले के कलेक्टरेट परिसर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। दिनदहाड़े हुई इस घटना से कलेक्टरेट में मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग सकते में आ गए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति की पहचान शीतलाल निर्मलकर, निवासी कटंगी गंडई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने गांव में कथित सामाजिक बहिष्कार से पीड़ित था और इसी मामले को लेकर लंबे समय से प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रहा था। न्याय न मिलने की निराशा और मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाल ने अचानक अपने शरीर पर मिट्टी तेल उड़ेल लिया और आग लगाने ही वाला था, तभी आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया। इस दौरान वह मामूली रूप से झुलसा, लेकिन समय पर कार्रवाई से उसकी जान बचा ली गई।
घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए उसे सुरक्षा में लिया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पीड़ित शीतलाल निर्मलकर का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसका सामाजिक बहिष्कार कर दिया है। उसने कहा कि इस संबंध में वह पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी और न्याय न मिलने की पीड़ा ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया, जिसके कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित शिकायतों की पड़ताल की जा रही है।
कलेक्टरेट में सनसनी: मिट्टी तेल डालकर अधेड़ ने आत्मदाह की कोशिश की, समय रहते टली बड़ी अनहोनी