जगदलपुर, 17 मई 2026। बस्तर जिले में अवैध उत्खनन और रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश और खनि अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में जिला खनिज जांच दल ने बेलगांव रेत घाट और बास्तानार क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 4 वाहनों को जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर और दो हाईवा वाहन बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन करते पाए गए। जांच दल ने सभी वाहनों को रेत सहित जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया। वाहन मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
औचक कार्रवाई में जिला खनिज जांच दल के प्रभारी एवं खनिज निरीक्षक अंकित पुरी, खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे, नगर सैनिक देवीराम बघेल और सहदेव बघेल मौजूद रहे।
खनिज विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अभिवहन पास के खनिज परिवहन करना गंभीर और दंडनीय अपराध है। प्रशासन ने कहा है कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए जिले में आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाए जाएंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
बस्तर में रेत माफियाओं पर शिकंजा: अवैध परिवहन करते 4 वाहन जब्त, खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई